मेरठ। नगर निगम परिसर में बनी जर्जर बिल्डिंग में स्थित जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के कार्यालय में सोमवार को बारिश का पानी तेजी से टपकने लगा। दस्तावेज बचाने के लिए कर्मचारियों ने बाल्टी से बारिश का पानी निकालने में जुट गए। निगम परिसर में भी एक फीट पानी भर गया। निगम में आने वाले लोगों और पार्षदों ने हंगामा कर अफसरों को फोन किया।
जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र के 50 साल से पुराने दस्तावेज निगम में रखे हैं। सीआरएस पोर्टल में अभिलेखों को दर्ज कराने के लिए पुराने रिकॉर्ड की आवश्यकता पड़ती है। बारिश होने पर निगम का जर्जर भवन ही पानी को नहीं रोक पाया। हालात यह रहे कि बारिश का पानी दस्तावेज पर दिनभर टपकता रहा और वहां पर मौजूद कर्मचारी उनको बचाने में लगे रहे। बारिश तेज होने पर कर्मचारी बाजार से पॉलीथिन लेकर आए और ऑफिस में प्लास्टिक की बाल्टी से पानी निकालने का काम किया गया। निगम की लापरवाही और ये नजारा देखकर लोगों ने फोटो-वीडियो भी बनाई और सोशल मीडिया पर शेयर कीं। अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार का कहना है कि दस्तावेज को बचाने के लिए पॉलीथिन लगा दी है। दस्तावेजों को जल्द दूसरी जगह शिफ्ट कराया जाएगा।