मेरठ। टीपीनगर थाने में आत्मदाह करने वाले कारोबारी रंजीत सिंह ठाकुर की हालत और बिगड़ गई है। उसकी एक किडनी ने काम करना बंद कर दिया है। कारोबारी के परिजनों का आरोप कि पुलिस ने रंजीत का मानसिक उत्पीड़न किया। टीपीनगर पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर उन्होंने उसने पुलिस अधिकारियों को भी मेसेज किये थे। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते रंजीत ने यह कदम उठाया।
शताब्दीनगर सेक्टर-5 निवासी कारोबारी रजीत सिंह ठाकुर के बेटे अनमोल ने बताया कि पांच दिन पहले पिता ने पुलिस अफसरों के सीयूजी नंबर पर 17 जुलाई को आत्मदाह करने की चेतावनी का मेसेज व्हाट्सएप पर भेजा था। घटना वाले दिन भी उन्होंने इंस्पेक्टर टीपीनगर को लिखा था कि मैं थाने आ रहा हूं और वहीं सुसाइड करूंगा। कारोबारी ने व्हाट्सएप मेसेज पर लिखा था कि मुझे इंसाफ नही मिल रहा है। मैं रोज-रोज थाने के चक्कर काटकर थक गया हूं।
सूचना के बाद भी अलर्ट नहीं हुई पुलिस
रंजीत के परिजनों ने बताया कि पांच दिन पहले पुलिस अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी पुलिस अलर्ट नहीं हुई। पुलिस अगर रंजीत की शिकायत सुन लेती तो शायद उसको यह कदम नहीं उठाना पड़ता। बैंक ने उनकी गोपनीय सूचनाएं लीक कीं, जिसका मुकदमा टीपीनगर थाने में दर्ज है। इस पर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
अब क्राइम ब्रांच करेगी जांच
पुलिस के मुताबिक, तत्कालीन इंस्पेक्टर डालचंद व मुंशी ने रंजीत द्वारा दर्ज किये मुकदमे में लापरवाही बरती है। मुकदमे के आधार पर पुलिस ने विवेचना नहीं की। आरोप है कि बैंक अधिकारियों से मिलकर धारा हटा दी। एसएसपी के निर्देशानुसार इंस्पेक्टर डालचंद और मुंशी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। दोनों मुकदमे की जांच अब क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
सपा-बसपा सरकार नहीं एसपी सिटी साहब: शारदा
मेरठ। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा, अरविन्द मारवाड़ी तमाम कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार को कारोबारी का हाल जानने उनके घर पहुंचे। शारदा ने परिजनों की बात सुनने के बाद एसपी सिटी को फोन किया। उनसे मामले में कार्रवाई के संबंध में पूछा। संतुष्टिपूर्ण जबाब नही मिलने पर एसपी सिटी को व्यापारी नेता ने फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा की सरकार नहीं है। आप लोगों के पैरों में मेहंदी लगी हुई है, जो अभी तक पीड़ित के घर पर उसका व उसके परिजनों का पता लेने नहीं पहुंचे।
व्यापारी ने की रंजीत की शिकायत
मेरठ। सांईपुरम इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने आत्मदाह करने वाले रंजीत सिंह की शिकायत पुलिस से की। एसोसिएशन अध्यक्ष अजय सहगल ने बताया कि रंजीत ने 2013 में अपने भाई बलजीत की हत्या की थी। इसमें बलजीत की पत्नी भी घायल हुई थी। इसकी भी जांच होनी चाहिए। शिकायत करने में कोषाध्यक्ष अनिल शर्मा, महामंत्री राकेश मक्कड़ समेत कई व्यापारी मौजूद थे।