पूठ गंगनहर पर सिंचाई विभाग की जमीने से अवैध निमार्ण हटाती टीम।
- फोटो : SARDANA
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण रुकवाया
अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर। चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर कुछ माफिया सेवा शिविर के आड़ में सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा करने में लगे थे। वहां पर भूमाफिया ने बड़े फ्लैक्स पर भाजपा नेताओं के फोटो लगाकर अवैध रूप से निर्माण कराने में जुटे हैं। हालांकि वन अधिकारियों ने अवैध कब्जे की जानकारी पाकर निमांण रुकवाया।
जानकारी के मुताबिक चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर पूठखास गंगनहर पर कुछ भूमाफिया अवैध रूप से सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जा करने में लगे हुए थे। गंगनहर की पटरी पर पूठखास गांव के पास कांवड़ सेवा शिविर की आड़ में एक होटल का निर्माण कराया जा रहा है। लोगों को कांवड़ सेवा शिविर के रूप में दर्शाकर अवैध खड़ंजा बनाया जा रहा है। प्रशासन इस मामले से अनजान बना हुआ था। भू माफिया ने मौके पर कांवड़ यात्रा को लेकर भाजपा नेताओं और हिस्ट्रीशीटरों के फोटो लगाकर निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। जबकि यह अवैध निर्माण सिंचाई विभाग की जमीन पर बेखौफ होकर किया जा रहा है। मामले को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से शिकायत की। ग्रामीणों का कहना है कि सभी अधिकारी रोजाना कांवड़ मार्ग पर निरीक्षण कर रहे हैं। इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में भू माफिया के हौसले बढ़ रहे हैं। इस मामले में वन विभाग के अधिकारियों की टीम जानकारी पाकर मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण रुकवाया। इस कार्रवाई से भूमाफिया में हड़कंप मचा रहा। टीम ने मौके पर पहुंचकर ईंट भी उखाड़ फेंकी। उधर, इस संबंध में डीएफओ अदिति शर्मा का कहना है कि अवैध निर्माण की जानकारी मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसेरुकवाया। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।