बहसूमा। भारतीय किसान यूनियन तोमर के पदाधिकारी थाना प्रभारी को ज्ञापन ज्ञापन सौंपते हुए
भाकियू (तोमर) की बैठक में किसान समस्याओं और मेरठ में धरनारत लोगों के साथ पुलिस कार्रवाई का विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को सदरपुर स्थित किसान नेता अमित चौधरी के आवास पर बैठक कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद यहीं पर थाना प्रभारी रविंद्र कुमार को मुख्यमंत्री और एडीजी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
बैठक में जिलाध्यक्ष इंतजार देशवाल ने कहा कि यदि 12 जुलाई तक किसानों की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 13 जुलाई को मेरठ स्थित एडीजी कार्यालय पर महापंचायत की जाएगी। इसके बाद सभी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज, रवि गौतम के साथ कथित मारपीट और ललिता गौतम हत्याकांड के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई गई। संगठन ने एसएसपी मेरठ को निलंबित करने, संबंधित आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने, हत्याकांड की जांच सीबीसीआईडी से कराने, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज केस वापस लेने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। बैठक में मंडल उपाध्यक्ष अमरपाल, जिला सचिव कलीम प्रधान, मोनू, जिला सलाहकार कृष्ण प्रधान, खालिद चौधरी, इरफान चौधरी, मनोज चौधरी, विनय मलिक सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।