कागज कारोबारियों के करोड़ों रुपये हड़पने का आरोपी ध्रुव।
मेरठ और मुजफ्फरनगर में यमुनानगर के चार आरोपियों पर दर्ज हैं धोखाधड़ी के मुकदमे
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। कागज कारोबारियों से कागज खरीदकर करोड़ों की रकम हड़पने वाले चार लोगों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। इनके खिलाफ मेरठ और मुजफ्फरनगर में धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज हैं। दोनों जिलों की पुलिस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। चारों आरोपी हरियाणा के यमुनानगर के रहने वाले हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी महावीर सिंह की ओर से आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पहला मामला
सिविल लाइन क्षेत्र के मनोरंजन पार्क निवासी निधि वर्मा की फर्म क्राफ्ट व अन्य पेपर उत्पाद की सप्लाई करती है। वर्ष 2019 से यमुना नगर के मॉडल टाउन निवासी राजेंद्र आनंद और संजय आनंद की फर्म पैकवेल ने उनकी फर्म से पेपर खरीदना शुरू किया। शुरूआत में भुगतान समय पर किया, लेकिन बाद में खरीद के मुकाबले भुगतान की रकम कम करते रहे। इस तरह उनकी फर्म के करीब 1.77 करोड़ रुपये पैकवेल पर बकाया हो गए। वह बार-बार जल्द भुगतान का आश्वासन देकर टालते रहे। आरोपियों ने उन्हें कई बार चेक भी दिए, जो बाउंस हो गए। फोन कर रकम मांगी तो आरोप है जान से मारने की धमकी दी गई। सिविल लाइन पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
दूसरा मामला
मुजफ्फरनगर के सराफा बाजार निवासी सौरभ मित्तल ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया था कि राजेंद्र आनंद, संजय आनंद, ध्रुव आनंद और हितेश आनंद ने उनकी फर्म से 2020-21 में कागज खरीदा था। इसके बाद दोनों फर्मों के बीच कारोबारी रिश्ते शुरू हो गए। शुरूआत में माल लेकर इन लोगों ने समय से भुगतान किया। बाद में आरोपियों ने रकम करनी शुरू कर दी। उनकी फर्म के 1.24 करोड़ रुपये आरोपियों पर बकाया हो गए। बार-बार रकम मांगने पर आरोपियों ने रुपये नहीं दिए और जान से मरवाने की धमकी दी जबकि उनकी फर्म एमएसएमई के तहत आती है। आरोपियों को नियमों के तहत 45 दिन में भुगतान करना अनिवार्य था।
आरोपी ध्रुव को नौचंदी पुलिस ने किया गिरफ्तार
कागज कारोबारियों से करोड़ों का माल लेकर हड़पने के मामले में नौचंदी पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चालान कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।