गोविंदपुरी विद्युत उपकेंद्र पर धरनारत ग्रामीणों द्वारा अधिशासी अभियंता सुरेंद्र सिंह को विभिन्न
- अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर विद्युत समस्याओं के समाधान की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव गोविंदपुरी में ग्रामीणों ने बिजली की समस्याओं को लेकर विद्युत उपकेंद्र गोविंदपुरी पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अधिशासी अभियंता को मौके पर बुलाने की मांग कर अड़े रहे। शाम 6:00 बजे अधिकारी के पहुंचने पर ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया।
गांव गोविंदपुरी निवासी समाजसेवी मोहित रस्तोगी और ग्रामीणों के साथ बुधवार को दोपहर 12 बजे विद्युत उपकेंद्र गोविंदपुरी पहुंचे। बिजली की लगातार हो रही कटौती और कर्मचारियों के दुर्व्यवहार आदि समस्याओं को लेेकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए मौके पर अधिशासी अभियंता विद्युत सुरेंद्र सिंह को बुलाने की मांग की। मोहित रस्तोगी ने कहा कि जब तक अधिशासी अभियंता उनकी मांगों को नहीं सुनते और उनका समाधान करते, यह धरना जारी रहेगा।
शाम करीब 6:00 बजे अधिशासी अभियंता विद्युत उपकेंद्र गोविंदपुरी पर पहुंचे। धरनारत ग्रामीणों ने कहा कि गोविंदपुरी फीडर को अन्य क्षेत्रों से अलग किया जाए, अकारण बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए, विद्युत कर्मियों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ किए जाने वाले अभद्र व्यवहार पर रोक लगाई जाए। इन्हीं मांगों का ज्ञापन अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार को दिया गया। अधिशासी अभियंता ने कहा कि इन समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। फीडर से जुड़ी मांगों पर भी प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद धरना समाप्त कर दिया।