संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव ढिकौली के जंगल में सोमवार देर रात ग्रामीणों ने शिकारी कुत्तों के हमले से घायल एक हिरण की जान को बचाई। ग्रामीणों ने हिरण को सुरक्षित वन विभाग के कर्मचारियों को सौंप दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव ढिकौली निवासी संजय चौहान सोमवार देर रात अपने खेत में गेहूं की फसल की थ्रेसिंग करवा रहे थे। उन्होंने देखा कि शिकारी कुत्तों का एक झुंड एक हिरण पर हमला कर रहा है। कुत्तों ने हिरण को बुरी तरह घायल कर रखा था। संजय चौहान ने तुरंत कुत्तों को खदेड़ा और घायल हिरण को उनके चंगुल से बचाया। सूचना पर गांव निवासी चिराग चौहान, उमंग चौहान, ठाकुर शनि प्रताप, शुभम चौहान, लकी चौहान और मुकुल चौहान सहित कई युवा मौके पर पहुंचे। सभी युवाओं ने मिलकर घायल हिरण को सावधानीपूर्वक काबू किया। उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसके हाथ-पैर बांधे और आंखों पर पट्टी बांधी, ताकि वह घबराहट में खुद को और नुकसान न पहुंचाए। सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घायल हिरण को अपने कब्जे में ले लिया और उसे उपचार और देखभाल के लिए अपने साथ ले गई। बीते माह भी एक हिरण जंगल से निकलकर गांव ढिकौली में एक घेर में पहुंच गया था। जिसको कुत्तों ने घायल कर रखा था, उसे भी वन विभाग को सौंप दिया था।