संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। शहीद दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत किशोरपुर स्थित शहीद स्मारक पर सोमवार को ग्राम प्रधान रितु चौधरी के नेतृत्व में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
ग्राम प्रधान ने बताया कि शपथ ग्रहण के बाद उन्हें एहसास हुआ कि ग्राम पंचायत में शहीदों को नमन करने के लिए कोई स्थायी स्थान नहीं था। राष्ट्रीय पर्वों पर केवल नारे लगाकर औपचारिकता पूरी कर ली जाती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के मंडल उपाध्यक्ष ऋषिपाल मलिक के सहयोग से वर्ष 2022 में गांव में शहीद स्मारक के निर्माण का कार्य प्रारंभ कराया। उन्होंने कहा कि अब गांव में एक ऐसा पवित्र स्थल उपलब्ध है, जहां ग्रामीण एकत्र होकर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इस मौके पर सरदार भगत सिंह पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में तुषार, अमित चौधरी, विमल, नमन, रिदित, कुबेर, नितिन, बृजेश, निशांत, रविंद्र, गोविंद, नरेंद्र व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।