मवाना। गांव मवाना खुर्द में मुख्य रास्तों पर हो रहे भारी जलभराव और गंदगी के कारण ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। इस समस्या से नाराज गांव वालों ने उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर समाधान की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में मुख्य रास्ते पर कब्रिस्तान के पास लंबे समय से पानी भरा हुआ है। बरसात शुरू होने के बाद से हालात और ज्यादा खराब हो गए हैं, जिससे रास्ते पर कीचड़ व कूड़े के ढेर लग चुके हैं। जलभराव के कारण जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन राहगीर और वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप है। सफाई कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं आते हैं, जिसके कारण गलियों में नालियों का गंदा पानी जमा है और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। गांव वालों ने उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह से मामले की उच्च अधिकारी से जांच कराकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। शिकायत करने वालों में मुख्य रूप से दिलशाद अहमद सिद्दीकी, पवन, सोनू, वसीम, सचिन, सुनील, हिमांशु, सुभाष, राजबती समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं।