करनावल रोड पर डेयरियों से निकला पानी भरने से बनी समस्या
पैदल निकलना भी मुश्किल, आए दिन हो रहे हादसे
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। कस्बा खिवाई के करनावल रोड पर जलभराव से लोग परेशान हैं। सड़क पर आसपास की डेयरियों से निकलने वाला गंदा पानी जमा होने से बुरा हाल है। यह मार्ग दो कस्बों को जोड़ता है, लेकिन जल निकासी की कोई व्यवस्था न होने के कारण जलभराव होता है और रोज लोग परेशानी से जूझते हैं।
राशिद, इरफान, सलीम और शाकिर ने बताया कि डेयरियों से बहकर आने वाला पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे कीचड़ और फिसलन बन जाती है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरते हैं। पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत होती है। बिना बरसात के सड़क पर जमा पानी से हादसों का खतरा रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है है कि डेयरियों से निकलने वाले पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था कराई जाए और जलभराव से स्थायी निजात दिलाई जाए।
मंजूरी मिली, जल्द होगा नाला निर्माण : ईओ
अधिशासी अधिकारी हरि नारायण ने बताया कि जेसीबी भेजकर रास्ता पानी की निकासी कराई जा रही है। शासन से नाला बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिल गई। जल्द रोड के दोनों साइड नाले का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जिससे जलभराव की समस्या से स्थाई समाधान होगा।