सरधना। थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में पिछले दिनों हुई पशुओं की चोरी के बाद उनकी बरामदगी की मांग को लेकर ग्रामीण शनिवार को थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने चोरी किए गए पशुओं की बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
22 अक्तूबर को गांव बहादुरपुर और दबथुवा में चोर किसान के घेर में बंधी भैंसों को चुरा ले गए थे। पहली घटना का खुलासा भी नहीं हुआ था कि आरोपियों ने 31 अक्तूबर को फिर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपी जावेद पुत्र नफीस निवासी खालापार मुजफ्फरनगर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने आरोपी का शनिवार को चालान कर दिया।
वहीं, चोरी किए गए पशुओं की बरामदगी को लेकर देशपाल हुड्डा, बंदू चौधरी, अजय, रेशपाल, धर्मेंद्र व रामपाल थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चोरी किए गए पशुओं की बरामदगी की मांग की है।
सीओ संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मामले में मुख्य आरोपी जावेद का चालान कर दिया है। आरोपी के खिलाफ कई थानों में चोरी, लूट व गोकशी आदि घटनाओं में मुकदमा दर्ज है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की निशानदेही पर पशुओं की भी जल्द बरामदगी की जाएगी।