- खंभे गिरने के बाद जंगल में पड़ा था तार, सैकड़ों मीटर तार समेट चुके थे चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। रविवार रात कुलंजन गांव के जंगल में विद्युत तार चोरी कर रहे चोरों को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरते देख चोर तार छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर वह भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने भी चोरों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
बताया गया कि कुछ दिन पहले हुई बारिश के दौरान कुलंजन गांव के जंगल में विद्युत लाइन के कई खंभे गिर गए थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ऊर्जा निगम के अधिकारियों को दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद विद्युत निगम ने लाइन की मरम्मत नहीं की। खंभे और विद्युत तार जंगल में ही पड़े रहे।
रविवार रात चोरों ने इसी का फायदा उठाते हुए जंगल में पड़े विद्युत तार को काटकर समेटना शुरू कर दिया। चोर सैकड़ों मीटर तार लपेट चुके थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी। ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया।
ग्रामीणों की भीड़ जुटते ही चोर तार छोड़कर भागने लगे। ग्रामीणों ने उनका पीछा किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण चोर हाथ नहीं आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में चोरों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।