- दादरी गांव में बिजली निगम की टीम का किया घेराव
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। दादरी गांव में बिजली निगम की टीम और ग्रामीणों के बीच मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। बकाया बिजली बिल पर कनेक्शन काटने पहुंची टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया। मामला बढ़ने पर ग्रामीणों ने टीम का घेराव कर दिया। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए कर्मचारियों को लौटना पड़ा। इसके बाद बिजली निगम के अधिकारी पुलिस चौकी पहुंचे। यहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और काफी देर तक हंगामा होता रहा।
सकौती बिजलीघर के अवर अभियंता संजय कुमार अपनी टीम के साथ दादरी गांव में बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीण सागवा, विजयपाल, छोटू और ओमपाल समेत कई लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम का घेराव किया। आरोप है कि विरोध बढ़ने पर कर्मचारियों को गांव से निकलना पड़ा। घटना के बाद अवर अभियंता टीम के साथ सकौती पुलिस चौकी पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी चौकी पहुंच गए और वहां भी जमकर हंगामा किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर बातचीत शुरू कराई।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग बकाया वसूली में भेदभाव कर रहा है। उनका कहना है कि जिन उपभोक्ताओं पर लाखों रुपये का बकाया है, उनके खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। जबकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। ग्रामीणों ने निगम से सभी बकायेदारों के खिलाफ समान कार्रवाई की मांग की। वहीं बिजली निगम ने ग्रामीणों के आरोपों को खारिज किया है।
सकौती बिजलीघर के एसडीओ शिव प्रकाश ने बताया कि निगम शासन के निर्देशों के अनुसार बकाया वसूली अभियान चला रहा है। जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वसूली के साथ कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि बिजली निगम की ओर से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।