संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। पिठलोकर ग्राम पंचायत में मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग पूरे गांव के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग कई वर्षों से जर्जर हालत में है लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्राम प्रधान का कार्यकाल भी समाप्ति की ओर है। बावजूद इसके मार्ग की मरम्मत या निर्माण को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थिति यह है कि सड़क पर गड्ढे और कीचड़ होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वाहनों का गुजरना लगभग असंभव सा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि खराब रास्ते के कारण आसपास रहने वाले लोग अपने ही घरों में कैद होने जैसा जीवन जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या की कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे लोगों में रोष व्याप्त है और उन्होंने जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। इस दौरान जुल्फिकार, अनवार, खालिद, मन्नान, हारून, रफीक, शहजाद, वसीम, सावेज, मास्टर इस्माइल, गुलसनव्वर आदि ग्रामीणों ने समस्या के समाधान की मांग उठाई।