- वायरल वीडियो में बदमाशी का गाना रहा चल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शनिवार को तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में एक किशोर होटल के कमरे के अंदर बेड पर खड़ा होकर हाथ में तमंचा लहराता नजर आ रहा है। वीडियो के बैकग्राउंड में बदमाशी से जुड़ा गाना भी चल रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा किशोर लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
लिसाड़ी गेट निवासी एक किशोर का हाथ में तमंचा लेकर होटल के कमरे में बदमाशी के गाने पर डांस करते हुए का वीडियो वायरल हो रहा है। किशोर तमंचे को लहराते हुए वीडियो में अपनी दबंगई प्रदर्शित करता दिख रहा है। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने लगा। वायरल वीडियो पुलिस के पास पहुंचा।
पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर किशोर की तलाश कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और उसकी पूरी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह पता कर रही है कि वीडियो कब बनाया गया था। पुलिस होटल का पहचान करने प्रयास कर रही है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। पुलिस गहनता से इसकी जांच पड़ताल कर रही है।