नए मतदाता बनने काफी कम संख्या में आए आवेदक
हस्तिनापुर/फलावदा/बहसूमा/मवाना। मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकासखंड हस्तिनापुर, मवाना, फलावदा और बहसूमा क्षेत्र में पंजीकरण व संशोधन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। कुछ बीएलओ ने वोटर लिस्ट का कार्य पूरा कर किट जमा करा दी है। इस दौरान कम ही संख्या में वोट बनवाने के लिए आवेदन मिले।
हस्तिनापुर में शनिवार को बीएलओ ने बूथों पर बैठकर विशेष अभियान के अंतर्गत मतदाताओं के आवेदन लिए। लगभग 46 ग्राम पंचायतों में 71 बीएलओ लगाए गए थे, जिनमें से 54 बीएलओ ने अपनी पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का कार्य पूरा कर किट विकासखंड में जमा करा दी है और कई बीएलओ का कार्य अंतिम चरण में है। ग्राम पंचायत तारापुर में बूथ नंबर 24, 25, 26, पर मौजूद बीएलओ नूतन रानी ने बताया कि उन्हें तीनों बूथों पर मात्र 10 मतदाताओं के आवेदन मिले हैं।
फलावदा में कस्बे के मतदाता केंद्र तथा नगर पंचायत कार्यालय पर पंजीकरण कराने के लिए कोई नहीं पहुंचा। कर्मचारी पंजीकरण करने तथा त्रुटिपूर्ण लिस्ट में संशोधन कराने वाले मतदाताओं की बाट देखते रहे।
वहीं, बहसूमा में पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शनिवार को मतदेय स्थलों पर कहीं बीएलओ बीमारी की छुट्टी लेकर गायब मिले तो कहीं पूरे समय मुस्तैदी से बैठे मिले। सैफपुर फिरोजपुर प्राथमिक विद्यालय नंबर एक में बूथ संख्या 14 पर तैनात बीएलओ राखी व बूथ संख्या 19 पर तैनात निर्देश अनुपस्थित मिली। केवल एक दंपती वोट बनवाने के लिए पहुंचा।
मवाना में सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद रहे। काफी कम संख्या में लोग बूथों पर जानकारी करने तथा नई वोट बनवाने के लिए पहुंचे। तहसीलदार न्यायिक रामचंद्र ने बताया कि विधान सभा क्षेत्र में 377 बूथों पर बीएलओ पहुंचे। जिनके द्वारा नए मतदाता बनाए जाने का कार्य किया गया। कुल 427 नए मतदाता फार्म आए।
बूथों पर शुरू हुआ वोट बनाने का काम
सरधना। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शनिवार को क्षेत्र में बूथों पर बीएलओ ने नए वोट बनाने का काम शुरू किया। अभियान के पहले दिन बूथ पर वोट बनवाने के लिए इक्का-दुक्का लोग ही पहुंचे। मढ़ियाई स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय पर बीएलओ अंजू व अजपाल सिंह ने आवेदन भरवाए। तहसीलदार अवनीश कुमार ने बताया कि लगभग सभी बूथों पर बीएलओ ड्यूटी पर पहुंचे। वहीं जानी ब्लाक में मतदाता पुनरीक्षण विशेष अभियान के तहत सभी बीएलओ ने बूथों पर बैठकर मतदाताओं के आवेदन प्राप्त किए। जानी में दो बूथों पर केवल 13 मतदाता फार्म जमा किए गए। वहीं बाफर में तीन, किठौली में दो, खानुपर में पांच मतदाता फार्म जमा हुए। जानी में 44 गांवों के बूथों पर मतदाता पुनरीक्षण के काम में 78 बीएलओ लगाए गए हैं। सभी बीएलओ ने मतदाता पुनरीक्षण फार्म विकास खंड कार्यालय में जमा करा दिए हैं। संवाद