नीट : 205 अभ्यर्थियों ने कराया प्रपत्रों का सत्यापन
मेरठ। नीट (नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट) पास कर चुके अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में जारी है। रविवार को तीसरे दिन 205 अभ्यर्थियों के प्रपत्रों का सत्यापन कराया। हालांकि बारिश और बैंक की छुट्टी होने के कारण डिमांड ड्राफ्ट न बनने से अभ्यर्थी कम आए।
सुबह 10 बजे से देर शाम तक प्रक्रिया चलती रही। प्रपत्रों का सत्यापन 25 जनवरी तक होगा। 27 से 31 जनवरी तक ऑनलाइन काउंसिलिंग होगी। आवंटन पत्र डाउनलोड करने और प्रवेश लेने की तारीख दो से पांच फरवरी तक रहेगी। काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए प्रपत्रों की जांच के लिए पंजीकरण शुल्क दो हजार रुपये है।
इनका ऑनलाइन पंजीकरण होगा, वे अगले दिन प्रपत्रों की जांच कराने के लिए आ सकते हैं। इस प्रक्रिया के नोडल अधिकारी डॉ. विभु साहनी ने बताया कि मेरठ के अलावा आसपास के जिलों बिजनौर, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर और हापुड़ आदि जिलों से भी अभ्यर्थी यहां आए।