यूपी के मेरठ में नगर निगम के नए बोर्ड ने अभी शपथ भी नहीं ली है और वंदेमातरम् को लेकर विवाद शुरू हो गया है। बसपा महापौर को मुस्लिमों का समर्थन होने के कारण सदन में वंदेमातरम् को लेकर भाजपाई अभी से परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर नगर निगम सदन में वंदेमातरम् नहीं गाया गया तो वह इसका विरोध करेंगे। वहीं मेयर सुनीता वर्मा ने कहा कि संविधान में राष्ट्रीय गीत की व्यवस्था नहीं है।
सदन में वंदेमातरम् का गायन भाजपा का बड़ा मुद्दा रहा है। पूर्व महापौर हरिकांत अहलूवालिया के समय में सदन की कार्रवाई वंदेमातरम् से शुरू होती थी। इस दौरान मुस्लिम पार्षद विरोध करते हुए सदन छोड़ देते थे। एक बार सपा और भाजपाई भिड़ भी गए थे। यह मामला पूरे देश में गूंजा था। चूंकि नगर निगम में इस बार भाजपा की नहीं बल्कि बसपा की सरकार है। यह मुस्लिमों के वोट बैंक से बनी है। इसलिए भाजपाई मानकर चल रहे हैं कि बसपा की नवनिर्वाचित महापौर सुनीता वर्मा कहीं न कहीं मुस्लिम पार्षद एवं नेताओं के दबाव में वंदेमातरम् गायन पर प्रतिबंध लगा सकती हैं। इसको लेकर भाजपाइयों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद विजय आनंद अग्रवाल का कहना है कि अगर सदन में वंदेमातरम् नहीं गाया गया तो हम पूरे शहर में सड़कों पर वंदेमातरम् गाएंगे। इतना ही नहीं सदन में पहुंचे भाजपा के सभी पार्षद सदन में वंदेमातरम् का गायन करेंगे। भाजपा पार्षद संदीप रेवड़ी का कहना है कि अगर संविधान की अनदेखी करके वंदेमातरम् का गायन महापौर नहीं कराती हैं तो हम इसका विरोध करेंगे। पार्षद राकेश शर्मा का कहना है कि वंदेमातरम् का गायन सदन में न होना देश के संविधान का अपमान होगा। ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।
पढ़ें : देवबंदी उलमा बोले, वंदेमातरम गाना शरीयत के खिलाफ
संविधान में राष्ट्रीय गीत की व्यवस्था नहीं : सुनीता वर्मा
मेयर सुनीता वर्मा
निगम सदन में वंदे मातरम गायन पर महापौर सुनीता वर्मा ने कहा कि संविधान में राष्ट्रीय गान गायन का प्रावधान है न कि राष्ट्रीय गीत का। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वंदे मातरम पर विवाद ही नहीं होना चाहिए। इसका गायन संविधान में भी नहीं है। निगम संविधान में भी स्पष्ट है कि सदन की शुरुआत राष्ट्रीय गान जन गण मन से हो। वही होगा। उन्होंने शहर का संपूर्ण विकास कराने की बात कही। कहा कि सभी को साथ लेकर शहर का विकास करेंगे। मीट की दुकानों को नियमानुसार लाइसेंस दिलाया जाएगा ताकि किसी का रोजगार न छिने। इस मौके पर पूर्व विधायक योगेश वर्मा, जिला अध्यक्ष मोहित कुमार, जिला प्रभारी शाहजहां सैफी, जिला प्रभारी अमित शर्मा, मुरारीलाल केन, पवन वर्मा, पूर्व कॉर्डिनेटर दिनेश काजीपुर, कमल सिंह राज, सतपाल पेपला, राजन वर्मा आदि मौजूद रहे।
पढ़ें : भाजपा विधायक ने फिर दिया विवादित बयान, ये क्या बोल गए नेता जी
सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि वंदेमातरम् पर तो विवाद होना ही नहीं चाहिए। निगम सदन में वंदेमातरम् गाने पर हमेशा ही विवाद होता रहा है। हर सूरत में बैठक में इसे गाया जाना चाहिए। यह गीत हमें सच्ची राष्ट्रभक्ति सिखाता है।
विधायक सोमेंद्र तोमर का कहना है कि वंदेमातरम् गाया जाना चाहिए। सभी भारतीयों को इसे रोज गाना चाहिए। निगम सदन में भी जो इसके गायन के समय वाकआउट करता है तो इससे ही पता चल जाएगा कि देश के प्रति उनकी सोच क्या है?
पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी ने कहा कि निगम सदन में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी को विकास के मुद्दों पर बात करनी चाहिए। वंदेमातरम् पर विवाद जैसी बात नहीं होनी चाहिए। जिसे गाना है वह गाए, जिसे नहीं गाना है वह नहीं गाए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/