महिला जिला अस्पताल में पुलिस की निगरानी में हुआ टीकाकरण
मेरठ। महिला जिला अस्पताल में बुधवार को टीकाकरण सामान्य रहा। सुबह ही पुलिस को फोन कर बुलाया गया था। पुलिसकर्मियों की निगरानी में टीकाकरण हुआ। वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य राखी त्यागी ने अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक को फोन कर मंगलवार की हुई मारपीट की घटना के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही कहा कि वे अधिकारियों से बातकर उचित सुरक्षा व्यवस्था कराएंगी।
दरअसल, मंगलवार दोपहर जिला महिला अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ था। टीका लगवाने को लेकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई थी। अस्पताल के दो स्टाफ के साथ मारपीट की गई थी। एक कर्मचारी का सिर चैनल में फंस गया था, बड़ी मुश्किल से निकाला गया था। पुलिस के बुलाने पर ढाई घंटे बाद टीकाकरण शुरू हो सका था।
बुधवार को अस्पताल की प्रमुख अधीक्षक डॉ. मनीष अग्रवाल ने बताया कि बारिश के कारण टीकाकरण के लिए कम ही लोग आए थे। वैक्सीन इतनी नहीं है, जितने लोग टीकाकरण कराने के लिए आ जाते हैं। इस कारण अव्यवस्था होती है। पुलिस वालों को बुलाया गया था। उन्हीं की मौजूदगी में टीकाकरण हुआ है।
---