सदर स्थित वामन भगवान मंदिर में धूमधाम से मनाया वामन भगवान जन्मोत्सव
अखंड रामायण पाठ पूर्ण होने पर उमड़ी भीड़
वृंदावन के भजन गायकों ने भक्ति गीतों से बांधा समां
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सदर स्थित वामन भगवान मंदिर में वामन भगवान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर में चल रहे अखंड श्रीरामायण पाठ विधि विधान के साथ पूर्ण हुआ। इसके बाद श्री वामन भगवान की 121 ज्योतियों से विशेष महाआरती की गई। आरती के बाद भगवान को 21 हजार बेसन के लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल और संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता रहे।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मान्यता के अनुसार वर्ष में केवल वामन भगवान जन्मोत्सव के दिन ही भगवान पूर्ण श्रृंगार के साथ छत्र और कमंडल धारण कर भक्तों को दर्शन देते हैं। मंदिर समिति के सदस्य अंकित गुप्ता ने बताया कि यह मंदिर करीब 250 वर्ष पुराना है और उत्तर भारत में श्री वामन भगवान का एकमात्र सिद्धपीठ मंदिर माना जाता है। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को फल, गेहूं का कसार, पान और चरणामृत का प्रसाद वितरित किया गया।
शाम को मंदिर परिसर में वृंदावन के गायक और कलाकारों ने भव्य भजन संध्या आयोजित की गई। भजन संध्या में जयप्रकाश अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे। सुनील अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित किया। राहुल अग्रवाल ने पूजन कराया। अनिल जैन विशिष्ट अतिथि और सुधीर रस्तोगी ने प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली। आयोजन में मंदिर समिति अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, महामंत्री समीर खुराना, कोषाध्यक्ष जुगल किशोर गर्ग, उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, मंत्री गौरव गुप्ता रहे।