- चोरों ने किसान के मकान से लाखों की चोरी की
संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़। ग्राम पसवाडा में मंगलवार रात चोरों ने नट समाज के मंदिर और एक मकान को निशाना बनाया। चोर करीब एक लाख रुपये की नकदी, चांदी की मूर्तियां और अन्य सामान चुराकर फरार हो गए। वारदात से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
पसवाडा में नट समाज की बस्ती है जिसमें समाज के अनेक परिवार रहते हैं। समाज के पूर्वज दादा दल्लू के नाम से मंदिर बना हुआ है। मंदिर में समाज के देवताओं की चादी की 10 तोला की पांच मूर्ति संदूक में रखे हुई थी। मंगवार रात चोरों ने नट समाज के दादा दल्लू मंदिर से 10 तोला चांदी की पांच मूर्तियां चोरी हुईं। मंदिर के दानपात्र से 70 हजार रुपये की नकदी भी चुराई गई।
चोरों ने मंदिर के बराबर में रहने वाले अलीन के मकान से बेड में रखे 20 हजार रुपये चुराए। स्टील की गुल्लक से पांच हजार रुपये भी ले गए। चोर एलईडी और एक एम्पलीफायर भी ले गए। अलीन का पुत्र रोहित अपनी पत्नी काजल व बच्चों के साथ गांव में ही दूसरे मकान में रहता है। मंगलवार रात काजल की तबीयत खराब होने के कारण अलीन और राकेश उसे देखने गए थे। बुधवार सुबह राकेश को चोरी का पता चला। चोर दान पात्र व खाली संदूक पास के खेत में फेंक कर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। हालांकि, पुलिस खानापूर्ति कर वापस लौट गई। चोरी की इस वारदात से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि पुलिस चोरों की तलाश में लगी है। थाने में अभी तहरीर नहीं दी गई। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। दो टीम चोरों की तलाश में जुटी है। सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है।