यूपी के सहारनपुर में मंगलवार देर रात पुरी से हरिद्वार जा रही उत्कल एक्सप्रेस एक बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बाल बाल बच गई। यहां शरारती तत्वों ने रेलगाड़ी को पलटने की साजिश से सीमेंट के पोल पटरी के बीचों बीच डाल दिए। लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन को रोक दिया।
नागल क्षेत्र में बसेड़ा रेलवे फाटक व खटोली फाटक के बीच रेलवे लाइन पर अज्ञात व्यक्ति ने सीमेंट के खंभे डाल दिए जिससे उत्कल एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त होने से बची। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी देहात, सीओ देवबंद, आरपीएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार ट्रेन जैसे ही मुजफ्फरनगर से आगे पहुंची तो पटरी के बीच पड़े सीमेंट के खंभों को तोड़ती हुई आगे बढ़ने लगी मामले को भांपते हुए लोको पायलट ने तुरंत ब्रेक लगाए और कंट्रोल रूम को सूचना दी। आनन फानन में रेलवे अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और खंभों को पटरी से हटाया। ट्रैक की मरम्मत के बाद ही ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।