फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ में धार्मिक स्थल तोड़े जाने पर बवाल, धक्का-मुक्की और नोकझोंक, भाजपा नेता की वीडियो वायरल, ये है पूरा मामला

Mon, 01 Feb 2021 01:12 PM IST
मेरठ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
पुलिस को जानकारी देते भाजपा नेता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मेरठ के शास्त्रीनगर में नई सड़क से सटे शिव मंदिर को तोड़े जाने पर कई घंटे बवाल चला। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल कार्यकर्ताओं, व्यापारी और स्थानीय लोगों ने नई सड़क पर धरना देकर जाम लगाया। इस दौरान पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और नोकझोंक भी हुई। शाम को भीड़ ने मंदिर परिसर का ताला तोड़ कर भगवान की मूर्तियां रखकर आरती की। स्थानीय व्यापारियों ने इंस्पेक्टर नौचंदी पर दूसरे पक्ष से पैसे लेकर मंदिर तुड़वाने का आरोप लगाया।

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार, सूरजकुंड निवासी नानू सिंह सैनी की नई सड़क पर जमीन थी। उन्होंने 1975 में यहां शिव मंदिर बनवाया था। कुछ समय पहले तक मंदिर में पुजारी भी था, लेकिन दूसरे पक्ष ने उसे भगा दिया। नानू सिंह के बेटे घनश्याम सैनी और पूर्व पार्षद वीरेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि नानू सिंह के दूसरे बेटे राजेंद्र सैनी का पुत्र योगेश मंदिर परिसर पर कब्जा करना चाहता है। उसने फर्जी कागजात भी बनवा लिए हैं। जबकि मंदिर परिसर की बेशकीमती 430 मीटर जमीन जनता के नाम पर है। फर्द और खसरे में नानू सिंह का नाम है।

पार्षद पति वीरेंद्र शर्मा ने 24 जनवरी को डीएम व कमिश्नर को शिकायती पत्र दिया। उसमें बताया कि लॉकडाउन के दौरान योगेश ने मंदिर से मूर्तियां हटाकर बुर्ज को तुड़वा दिया। मंदिर की बाउंड्री ऊंची करके गेट लगा दिया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। 11 अक्टूबर 2020 को नौचंदी थाने में योगेश के खिलाफ उन्होंने मुकदमा दर्ज कराया था।
विज्ञापन


पूर्व पार्षद का आरोप है कि रविवार सुबह कुछ लोगों ने छत से देखा तो मंदिर का अधिकांश भाग टूटा दिखा। इसके बाद भाजपा नेता करुणेश नंदन गर्ग, विनीत अग्रवाल शारदा, आलोक सिसौदिया, पार्षद सुनीता, नरेंद्र राष्ट्रवादी, व्यापारी नेता जितेंद्र अग्रवाल, सतीश गर्ग, नीरज त्यागी, निवेश वशिष्ठ, विहिप से गोपाल शर्मा, महेश शर्मा, राजेश, आशीष नामदेव आदि ने हंगामा किया। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह और इंस्पेक्टर नौचंदी संजय वर्मा को खरी-खोटी सुनाई। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने इंस्पेक्टर नौचंदी को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होनें इंस्पेक्टर नौचंदी पर योगेश सैनी से 15 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें: तस्वीरें: सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियां, ऐसे बुलाए जाते थे ग्राहक

विज्ञापन

शाम चार बजे खोला जाम
छह घंटे जाम के बाद भाजपा नेताओं के आश्वासन पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने शाम चार बजे नई सड़क से जाम खोला। मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति रखकर आरती की गई। पूर्व पार्षद वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि सोमवार से मलबा हटाकर साफ सफाई कराई जाएगी।

इंस्पेक्टर बोले, आरोप गलत
इंस्पेक्टर नौचंदी संजय वर्मा ने कहा कि पैसे लेकर मंदिर तुड़वाने का आरोप गलत है। योगेश सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगी हैं। उसे जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

भाजपा नेता की वीडियो वायरल
हंगामे के दौरान भाजपा नेता विनीत शारदा ने इंस्पेक्टर नौचंदी संजय वर्मा को हड़काया। इसकी वीडियो वायरल हो गई। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह या अखिलेश यादव की सरकार नहीं है। यह योगी की सरकार है। यहां मंदिर तोड़े जाने का मतलब है कि बोरी बिस्तर बांध लो। यदि मैं एक उंगली दिखाता हूं तो चार उंगली मेरी सरकार पर उठती हैं। एक मंदिर टूट गया और हम बैठे रहे। जिस माई के लाल ने दूध पिया है उसे मैं देख लूंगा। इंस्पेक्टर नौचंदी भाजपा नेता को समझाने लगे तो उन्होंने कहा कि आप के सम्मान में कमी आई क्या। मैं इस वर्दी का सम्मान करता हूं, लेकिन आपको अपमान करने का अधिकार नहीं दे सकता।

शनिवार रात में तोड़ा गया मंदिर
व्यापारियों ने कहा कि शनिवार रात को पास के एक होटल में तेज आवाज में डीजे बज रहा था। उसी का फायदा उठाकर पुलिस की मिलीभगत से मंदिर का अधिकांश भाग तोड़ा गया। कुछ दिन पूर्व भी मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी योगेश को गिरफ्तार नहीं किया गया तो व्यापारियों और भाजपा नेताओं को सड़क पर उतरना पड़ा।

नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें


https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें