देहरादून से ढोल नगाड़ों के साथ बैनर लेकर पहुंची युवती और उसके परिजन।
- फोटो : वीडियोग्रैब
शामली के कांधला में प्रेमी की शादी तय होने का पता चलते ही देहरादून निवासी बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा बृहस्पतिवार को खुद ही बरात लेकर कस्बा एलम स्थित प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती के साथ बरात में उसकी मां, बहन समेत नौ लोग शामिल थे। छात्रा ने प्रेमी पर तमाम आरोप लगाते हुए शादी करने पर अड़ गई।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच मौका पाकर युवक घर से भाग निकला। युवती पुलिस चौकी पहुंची जहां बुलाने के बाद भी युवक पक्ष से कोई नहीं पहुंचा तो युवती फिर से युवक के घर पर आ डटी और सभी वहीं धरना देकर बैठ गए है।
शारीरिक शोषण का आरोप लगाया
युवती ने पुलिस को बताया कि प्रेमी युवक के मामा देहरादून में रहते हैं। करीब सात साल पहले उसकी ममेरी बहन के माध्यम से युवक से मुलाकात हुई थी। आरोप है कियुवक ने उसे शादी का झांसा दिया और कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। अब युवक दूसरी जगह शादी कर रहा है।
बंट गए शादी के कार्ड
युवक पक्ष ने शादी के कार्ड भी बांट दिए है। 20 नवंबर को युवक का मंढा था, जबकि 21 नवंबर को बरात दिल्ली के मेट्रो विहार जानी थी। इसकी भनक लगते ही युवती ने परिजनों को पूरी बात बताई और बरात लेकर एलम पहुंच गई।
सोशल मीडिया पर करती थी घंटों बात, वीडियो भी वायरल
युवती ने बताया कि युवक उससे सोशल मीडिया पर घंटों बात करता था, जिसके स्क्रीनशॉट भी उसके पास सुरक्षित हैं। वहीं, घटना से जुड़ा युवती का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह रोते हुए युवक से ही शादी करने की मांग कर रही है और शादी न होने पर जान देने की बात कह रही है।
मामले की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है और पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- सुमित शुक्ला, एएसपी