एसपी सिटी ने बताया कि बेगमबाग निवासी अभिषेक तेवतिया पुत्र सुरेशपाल टावर लगाने का काम करता है, जो गंगानगर एम ब्लॉक में रह रहा है। शनिवार रात अभिषेक को उसका दोस्त मोहित चौधरी पुत्र हरिकेश सिंह निवासी शहजादपुर इंचौली अपनी आई-20 कार से लेकर शास्त्रीनगर में पहुंचा। गोल मार्केट मकबरा के पास जब दोनों पक्षों में कहासुनी हुई तो अभिषेक और मोहित को गोली मार दी गई। लोकप्रिय हॉस्पिटल में भर्ती दोनों युवकों की हालत में डॉक्टरों ने सुधार बताया है।
एक ही पिस्टल से दोनों को मारी गोली : इंस्पेक्टर नौचंदी बृजेश सिंह का कहना है कि घायल के बयान और दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि जो पिस्टल बरामद हुई है वह अवैध है जिसकी जांच की जा रही है। गिरफ्तार अंकुर ने यही बताया कि पिस्टल मोहित लाया था जो बार-बार गोली मारने की धमकी दे रहा था।
शास्त्रीनगर में लगेगी पिकेट
एसपी सिटी ने बताया कि सेंट्रल मार्केट में पुलिस पिकेट लगेगी। सुबह से लेकर मार्केट खुलने तक पुलिस की ड्यूटी रहेगी। पूर्व में व्यापारी यहां बाजार की सुरक्षा को लेकर पिकेट की मांग कर चुके हैं।
प्रेमिका से दोस्ती को लेकर मारी गई गोली
एसपी सिटी के अनुसार अंकुर बालियान की शास्त्रीनगर निवासी एक युवती से पांच साल पहले दोस्ती हुई थी। यह युवती गंगानगर में पढ़ती थी, जहां अंकुर और युवती के बीच दोस्ती हो गई। यह युवती अब शहर में एक कंपनी में जॉब कर रही है। एसपी सिटी के अनुसार कुछ समय पहले युवती ने प्रेमी अंकुर बालियान से दूरी बना ली। जहां युवती की दोस्ती मोहित हो हो गई।
जब अंकुर को पता चला कि उसकी पूर्व की दोस्त की मोहित से नजदीकी हो गई तो अंकुर और मोहित आमने सामने आ गये। दोनों एक दूसरे को फोन पर भुगतने की भी धमकी दे चुके हैं। शनिवार रात मोहित और अंकुर के बीच फोन पर विवाद हो गया। जिसके बाद मोहित अपनी गाड़ी से अभिषेक को लेकर शास्त्रीनगर में पहुंचा। वहां अंकुर अपने दोस्त दिव्यांश को लेकर बाइक से आ गया।
अंकुर ने पूछताछ में बताया कि पिस्टल मोहित पर था। मोहित ने उसे पहले चांटा मारा और गाली देते हुए कहा कि जिसके चक्कर में पड़ रहा है उस लड़की का साथ छोड़ दे, नहीं तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। इस बीच मोहित ने पिस्टल निकाली और तान दी। बतौर अंकुर उसने हाथापाई कर जैसे ही पिस्टल छीनी तो उससे गोली चल गई। जिसमें मोहित और अभिषेक घायल हो गए।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/