पीड़ित महिला को बचाती महिला पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के मेरठ शहर में सोमवार को दुष्कर्म पीड़िता ने महिला थाने पहुंचकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला का आरोप है कि पुलिस मामले की सुनवाई नहीं कर रही है। इस दौरान पीड़िता ने अपने हाथ की नस काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
वहीं महिला पुलिसकर्मियों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। गौरतलब है कि इससे पहले भी यह महिला एसएसपी ऑफिस पर पहुंचकर खुद के ऊपर केरोसिन उंडेलकर आत्मदाह की कोशिश कर चुकी है।
बता दें कि एसएसपी अखिलेश कुमार ने पीड़िता को कार्रवाई का पूरा आश्वासन दिया है। लेकिन सोमवार को महिला थाना पहुंचकर पीड़िता ने पुलिस द्वारा मामले में कार्रवाई न करने को लेकर नाराजगी जताई।
इस दौरान महिला ने धारदार वस्तु से अपने हाथ की नस काट ली। घटना से थाने में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया। वहीं एसएसपी का कहना है कि थाना इंचार्ज को जांच के आदेश दे दिए गए हैं, मामले में जल्द ही कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
भावनपुर थाना क्षेत्र की निवासी महिला का आरोप है कि करीब एक महीने पहले एक युवक प्लॉट दिखाने के बहाने उसको सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद से वह रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर एसएसपी दफ्तर के चक्कर लगा रही है।
पीड़ित महिला ने एक सप्ताह पहले एसएसपी ऑफिस में मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया था। वहां पर महिला पुलिस कर्मियों ने पीड़िता के हाथ से केरोसिन की भरी बोतल छीन ली।
पीड़िता ने पुलिस पर कोई भी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही उसने भावनपुर थाना की फोर्स पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/