फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला से खास बातचीत: परिवहन मंत्री अशोक कटारिया बोले, डग्गामार वाहन चले तो होगी कार्रवाई

Wed, 28 Aug 2019 02:36 PM IST
Dimple Sirohi राजदीप जाखड़ , अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
अशोक कटारिया शपथ लेते हुए - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

सूबे में कहीं भी डग्गामार और ओवरलोड वाहन चलते मिले तो परिवहन अधिकारियों को कुर्सी पर नहीं रहने दिया जाएगा। यह बात प्रदेश के नवनियुक्त परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया ने मंगलवार को अमर उजाला से विशेष बातचीत में कही।

विज्ञापन


कटारिया ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन को अमलीजामा पहनाने की है। आरटीओ में दलालराज खत्म कर पारदर्शी प्रणाली लागू करने और लोगों का विश्वास कायम करने की दिशा में काम किया जाएगा।

अशोक कटारिया ने ओवरलोडिंग वाहनों के बारे में कहा कि इससे न केवल प्रदेश की सड़कें समय से पहले टूटती हैं, बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बना रहता है। किसी भी सूरत में ओवरलोडिंग नहीं होने दी जाएगी।

मेरठ से दिल्ली, मुरादाबाद और मुजफ्फरनगर रूट पर दौड़ रहीं 179 डग्गामार बसों के बारे में पूछा गया तो कटारिया ने कहा कि डग्गामार बस ऑपरेटरों के दिन लदने जा रहे हैं। पता चला है कि डग्गामार वाहन रोडवेज और परिवहन विभाग के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहे है। जो भी अधिकारी इनको संरक्षण दे रहा होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। प्रवर्तन विभाग को लक्ष्य देकर काम कराया जाएगा। जो भी टीम लक्ष्य हासिल नहीं करेगी, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन

लोगों के मन में आरटीओ की नकारात्मक तस्वीर, हम बदलेंगे
कटारिया ने कहा कि अभी तक लोगों के मन में आरटीओ की नकारात्मक तस्वीर बनी है। परिवहन एक्ट के नियमों को लागू कराकर विभाग की तस्वीर को साफ किया जाएगा। विभाग में काम के लिए जाने वाले लोगों को सुखद अहसास कराया जाएगा।

बस विहीन ग्रामीण रूटों पर रोडवेज की बस नहीं चलने के सवाल पर कटारिया ने कहा कि वे विभाग से इस बारे में सूचना ले रहे हैं। सभी ग्रामीण रूटों को रोडवेज बसों के माध्यम से शहरों से जोड़ा जाएगा। जरूरत के हिसाब से छोटी या बड़ी बसें लगाई जाएंगी। रोडवेज बेड़े में बसों की कमी भी दूर की जाएगी।

आज मेरठ पहुंचेंगे कटारिया 
परिवहन मंत्री बनने के बाद भाजपा के प्रदेश महामंत्री और एमएलसी अशोक कटारिया आज बुधवार को पहली बार मेरठ पहुंचेंगे। उनके स्टाफ ने बताया कि कटारिया रेल मार्ग से हापुड़ पहुंचेंगे और यहां से सड़क मार्ग द्वारा मेरठ होते हुए अपने गृह जनपद बिजनौर जाएंगे। इस दौरान दर्जनों जगह कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत का कार्यक्रम तय किया हुआ है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें