यूपी के सहारनपुर में सदर कोतवाली के ग्राम मवीकलां स्थित धार्मिक स्थल के सामने मांस के टुकड़े फेंकने पर गांव में हंगामा मच गया। इससे लोगों में आक्रोश भड़क गया। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया।
इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। यही नहीं बल्कि नगर निगम की टीम को बुलाकर गंदगी साफ कराई, जिससे माहौल बिगड़ने से बच गया।
सदर कोतवाली के ग्राम मवीकलां स्थित धर्मस्थल के सामने कूड़ी पर रात में किसी ने मांस के टुकड़े फेंक दिए। लोगों को जब इसका पता चला तो रात में ही हंगामा शुरू कर दिया। गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझा कर मामला शांत कराया। दोनों पक्षों के लोगों की बैठक कराई गई। लोगों ने किसी शरारती तत्व की करतूत बताई। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई। पुलिस ने नगर निगम के कर्मचारियों को बुलाकर मंदिर के सामने से मांस को हटवाया और आसपास के क्षेत्र की सफाई कराई। दोनों पक्षों के लोगों को शांति कायम रखने के निर्देश दिए।