भामाशाह पार्क स्टेडियम में यूपी के खिलाफ शाट लगाता राजस्थान का खिलाड़ी।
यूपी को पहली पारी में 42 रन की बढ़त
मेरठ। भामाशाह पार्क में आयोजित अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी के मैच में यूपी ने पलटवार करते हुए राजस्थान पर 42 रनों की लीड हासिल कर ली। तीन दिवसीय मुकाबले में शनिवार को मैच के दूसरे दिन मेजबान यूपी मेहमान राजस्थान पर हावी रही। यूपी के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आयुष्मान सिंह ने छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
शुक्रवार को मैच के पहले दिन यूपी को 232 के कम स्कोर पर ऑलआउट कर राजस्थान की टीम शनिवार को बल्लेबाजी करने उतरी। यूपी की शानदार गेंदबाजी के आगे राजस्थान की टीम ने पहले 2 विकेट मात्र 34 रन पर खो दिए। इसके बाद भावित कुमावत व सुमित गोदारा के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 92 रन की साझेदारी ने यूपी को बैकफुट पर ला दिया था। इस बीच यूपी के तेज गेंदबाज आयुष्मान ने 64 रन के निजी स्कोर पर सलामी बल्लेबाज भावित कुमावत को स्लिप में कैच आउट कराया। आयुष्मान ने कुल छह विकेट लिए। 143 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद यूपी के गेंदबाजों ने 47 रन के अंदर विपक्षी टीम के 7 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। राजस्थान के सलामी बल्लेबाज भावित ने 64 व मध्यम क्रम बल्लेबाज सुमित ने 49 रनों की पारी खेली। इसके अलावा चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए, जबकि दो बल्लेबाज शून्य पर पवेलियन लौट गए। यदि रविवार को तीसरे और अंतिम दिन मैच ड्रॉ भी हुआ तो यूपी को लीड के आधार पर 3 अंक व राजस्थान को 1 अंक मिलेगा। जबकि दोनों पारी के साथ मैच आउट राइड जाता है तो 5 अंक यूपी को मिलेंगे।
इस दौरान यूपीसीए सचिव युद्धवीर सिंह, बीसीसीआई पिच क्यूरेटर रविंद्र चौहान, एमडीसीए अध्यक्ष जेके अग्रवाल, संयुक्त सचिव फाइनेंस राजेंद्र सिंघल, सचिव सुरेंद्र चौहान, संयुक्त सचिव एवं कोच संजय रस्तोगी, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल, सुभाष शर्मा मौजूद रहे।