Meerut News: समीर रिजवी एक बार फिर कानपुर सुपरस्टार्स की कमान संभालेंगे। पिछले सीजन में इस टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था। वहीं लखनऊ ने मेरठ के भुवनेश्वर कुमार और प्रियम गर्ग को रिटेन किया है।
उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के आगामी सत्र के लिए कानपुर सुपरस्टार्स ने अपनी रिटेन खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। टीम ने मेरठ के तीन खिलाड़ियों समीर रिजवी, शुभम मिश्रा और विनीत पंवार पर फिर भरोसा जताकर उन्हें रिटेन किया है। समीर रिजवी एक बार फिर टीम की कप्तानी करेंगे।
विज्ञापन
समीर रिजवी पिछले सीजन में विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार नेतृत्व के दम पर कानपुर सुपरस्टार्स के सबसे अहम खिलाड़ियों में रहे। उनके नेतृत्व में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2024 उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि खिताबी मुकाबले में कानपुर सुपरस्टार्स को मेरठ मेवरिक्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा और टीम उपविजेता रही थी। इसके बावजूद समीर की कप्तानी और प्रदर्शन से प्रभावित होकर फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
वहीं, मेरठ के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शुभम मिश्रा और विनीत पंवार को भी टीम ने रिटेन कर उनकी उपयोगिता पर विश्वास कायम रखा है। विनीत पवार दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। वह आखिरी ओवर में अपनी शानदार गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। शुभम मिश्रा की स्पिन गेंदबाजी ने भी उत्तर प्रदेश क्रिकेट लीग के तीनों सीजन में बल्लेबाजों का जमकर इम्तिहान लिया है। कई मुकाबले में उनकी स्पिन गेंदबाजी निर्णायक साबित हुई है।
मेरठ के क्रिकेटर दिखाएंगे दम
यूपी लीग के लिए अभी तक मेरठ मेवरिक्स टीम ने मेरठ के रितुराज शर्मा, दिव्यांश राजपूत, विजय कुमार, कार्तिक त्यागी को रिटेन किया है। गोरखपुर लायंस ने मेरठ के हरदीप, काशी ने सुनील कुमार, लखनऊ ने भुवनेश्वर कुमार, प्रियम गर्ग को रिटेन किया है। भुवनेश्वर कुमार को लखनऊ के कप्तान व समीर रिजवी को कानपुर सुपरस्टार की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सोमवार को नोएडा किंग्स की ओर से भी रिटेन किए गए क्रिकेटरों की सूची जारी की गई। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सहारनपुर के प्रशांतवीर को टीम में रखा गया है। प्रशांतवीर आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स द्वारा लगभग 14 करोड़ रुपये में खरीदे जाने पर चर्चा में आए थे। इसके अलावा मेरठ मेवरिक्स के माधव कौशिक को भी नोएडा किंग्स ने अपने दल में शामिल किया है। अब मंगलवार को कानपुर सुपरस्टार की ओर से भी रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई।