सेंट फ्रॉंसिस कॉन्वेंट स्कूल में तीन दिवसीय सीआईएससीई राष्ट्रीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता शुरू
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजीव बालियान ने किया उद्घाटन
13 राज्यों से आई 35 टीमों की 420 बालिका खिलाड़ी करेंगी प्रतिभाग
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सेंट फ्रांसिस कॉन्वेंट स्कूल कंकरखेड़ा में बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय सीआईएससीई राष्ट्रीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजीव बालियान ने किया। प्रतियोगिता के पहले दिन उत्तर प्रदेश की टीम ने अंडर 14 और अंडर 19 में जीत के साथ आगाज किया। अंडर 17 का पहला मुकाबला नॉर्थ ईस्ट ने जीता।
प्रतियोगिता में देश के 13 राज्यों से आई 35 टीमों की कुल 420 बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में कुल 58 मैच खेले जाएंगे। अंडर 14 वर्ग में पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश और ओडिशा के बीच हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश ने 30-25 से मैच जीता। अंडर 19 में पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश और बिहार-झारखंड के बीच हुआ। इसमें 43-32 के स्कोर से यूपी ने मैच जीता।
कबड्डी में देश का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ी, एशियन गेम्स में मिले दो स्वर्ण
मुख्य अतिथि संजीव बालियान ने कहा कि कबड्डी भारत की माटी से जुड़ा हुआ पारंपरिक खेल है और आज हमारी बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन कर रही हैं। जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भी भारतीय पुरुष और महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आज का दौर बदल चुका है, पहले जहां केवल पढ़ाई-लिखाई के माध्यम से ही बेहतर भविष्य और सम्मान मिलता था, वहीं अब खेलों में भी अपार संभावनाएं बन चुकी हैं। जिस प्रकार पढ़ाई में मेहनत करने से सफलता मिलती है। उसी प्रकार खेलों के माध्यम से भी आज खिलाड़ियों को बहुत अच्छा पैसा, नाम, शोहरत और सरकारी नौकरियां प्राप्त हो रही हैं। इस मौके पर विजेंद्र सिंह, कैप्टन किरणपाल सिंह, भानु प्रताप, डीएन नागर, दुष्यंत कुमार, सिस्टर सिंधु, सिस्टर रजनी, सिस्टर मारिशा आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में पीटीआई संदीप का विशेष सहयोग रहा।
पहले दिन के नतीजे इस प्रकार रहे
अंडर-14 : यूपी ने बिहार को 30- 30-25 से हराया। कर्नाटक एवं गोवा ने संयुक्त रूप से महाराष्ट्र को 46-18 से मात दी। उत्तर प्रदेश ने आंध्र प्रदेश व तेलंगाना की टीम को 24-23 से हराया। वेस्ट बंगाल व नॉर्थ वेस्ट के बीच मैच में नॉर्थ वेस्ट की टीम 31-09 से विजयी रही।
अंडर-17: नॉर्थ वेस्ट ने तमिलनाडु को 69-66, महाराष्ट्र ने उत्तराखंड को 30-04 से हराया। बिहार ने ओडिशा को 41-25 से और कर्नाटक एवं गोवा की संयुक्त टीम ने यूपी को कांटे के मुकाबले में 29-27 से मात दी।
अंडर-19 : उत्तर प्रदेश ने बिहार और झारखंड की संयुक्त टीम को 43-32 से हराया। आंध्र प्रदेश व तेलंगाना की संयुक्त टीम ने ओडिशा को 44-34 के अंतर से हराया। वेस्ट बंगाल ने केरल को 45-14 से मात दी।