पकड़े गए तीनों आरोपी हैं ट्रांसपोर्ट कंपनी कर्मचारी
एसटीएफ ने पेपर लीक करने वाले मुख्य तीन आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीनों आरोपी ट्रांसपोर्ट कंपनी में कर्मचारी हैं। एसटीएफ तीनों आरोपियों को पकड़कर कंकरखेड़ा थाने ले आई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान अभिषेक शुक्ला पुत्र ब्रह्मदेव शुक्ला निवासी विक्रमपुर थाना ममरेज जिला प्रयागराज, शिवम गिरी पुत्र राम अचल गिरी निवासी मिर्जापुर व रोहित पांडे पुत्र विजय नाथ पांडे जिला भदोही के रूप में हुई है।
फोटो खींचकर लीक किया था पेपर
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट कंपनी में ही काफी समय से नौकरी कर रहे थे। नौकरी के दौरान ही तीनों एक दूसरे के संपर्क में आए थे। इसके बाद आरोपियों ने पेपर लीक करने वाले गिरोह से संपर्क किया था। जहां उनका 15 लाख रुपए में पेपर लीक कराने का सौदा तय हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने फोटो खींचकर पेपर लीक कर दिया था।
पुलिस को आरोपियों के पास से दूसरी पाली का पेपर बरामद हुआ। साथ ही पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से पेपर लीक की जानकारियां मिलीं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अन्य कई जानकारियां दी।पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।