इंस्टाग्राम पर कंकरखेड़ा के एक कॉलेज का फर्जी अकाउंट बनाकर छात्राओं और शिक्षिकाओं के वीडियो एडिट कर शेयर कर दिए गए। छात्राओं और शिक्षिकाओं के फोटो पर आपत्तिजनक कमेंट भी किए जा रहे हैं। इससे वे घबराई हुईं हैं। कॉलेज प्रबंधन ने पूर्व छात्रों पर शक जाहिर करते हुए साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कॉलेज प्रबंधक ने बताया कि किसी आरोपी ने इंस्टाग्राम पर कॉलेज की फर्जी आईडी बना ली है। कुछ छात्राओं और शिक्षिकाओं के वीडियो एडिट कर पोस्ट कर दिए। छात्राओं व शिक्षिकाओं के फोटो पर अभद्र व आपत्तिजनक कमेंट किए जा रहे हैं। इससे उनकी बदनामी हो रही है। कॉलेज प्रबंधन को शक है कि पूर्व में 12वीं के छात्रों में से किसी ने यह हरकत की है।
आरोपी की आईडी की सपोर्ट में किसी समीर खान का नाम सोशल मीडिया पर प्रदर्शित हो रहा है। प्रबंधक ने पूर्व में 12वीं पास कर चुके छात्रों की सूची भी पुलिस को सौंपी है। एसपी क्राइम अवनीश कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।