सहारनपुर जनपद के देहात इलाके के गांवों में बुखार परिवारों पर कहर बनकर टूट रहा है। जनपद के कई गांव में बुखार से पीड़ित लोग और परिवार वाले डर और दहशत के साए में जिंदगी गुजार रहे हैं। आलम यह है कि स्वास्थ्य विभाग भी ये नहीं बता पा रहा है कि महामारी की तरह फैल रहे इस बुखार की वजह क्या है।
सहारनपुर जनपद में अबतक सरकारी आंकड़ों को किनारे कर दे तो 80 से अधिक लोग बुखार से दम तोड़ चुके हैं। बड़गांव अंतर्गत दो लोगों की बुखार से बुधवार सुबह मौत हुई है।
बताया जाता है कि बड़गांव के गांव दल्हेड़ी में बुखार से 32 वर्षीय युवक रामकुमार पुत्र सुखदा की चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। बुखार से पीड़ित होने के कारण पहले उसका इलाज सहारनपुर, इसके बाद देहरादून के जॉलीग्रांट में हुआ।
हालात बिगड़ने पर उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे आठ दिन पहले ही युवक की मां रामदेई की भी बुखार से मौत हो चुकी है जबकि बड़गांव के झबीरण गांव में भी 50 वर्षीय केशुराम पुत्र शमसु की भी बुखार के मौत हो गई। बुखार से मौत के कारण डर और दहशत के बीच गांव वाले जिंदगी बीता रहे हैं।