एस्कॉर्ट छोड़ने वाले दिनेश खटीक और नमो भारत में यात्रा करते कपिल देव अग्रवाल।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने और सरकारी खर्च कम करने की अपील पर प्रदेश के जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने बड़ी पहल की है। मंगलवार को उन्होंने अपनी दो सरकारी एस्कॉर्ट गाड़ियां प्रशासन को वापस लौटा दीं।
राज्यमंत्री ने घोषणा की है कि अब वे क्षेत्र में भ्रमण के लिए मोटरसाइकिल और रोडवेज बसों का उपयोग करेंगे, जबकि लंबी दूरी के लिए ट्रेन से सफर करेंगे। उन्होंने अपने आवास पर सुरक्षाकर्मियों की संख्या भी घटाकर केवल एक कर दी है। खटीक ने कहा कि जनता के बीच मिसाल पेश करने के लिए राजनीतिक लोगों को ऐसे कदम उठाने चाहिए।
नमो भारत ट्रेन के मुसाफिर बने मंत्री कपिल देव अग्रवाल
प्रधानमंत्री के आह्वान पर व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने भी ईंधन बचत का संदेश दिया। मंगलवार को उन्होंने दिल्ली से मोदीपुरम (मेरठ) तक का सफर नमो भारत रैपिड रेल से तय किया। कपिल देव ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा कि वैश्विक संकट के समय डीजल-पेट्रोल की बचत राष्ट्रहित में है और नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने आमजन को ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन अपनाने का संदेश दिया। यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद उठाया गया है। उनका कहना है कि भविष्य में काफिले की गाड़ियां कम करेंगे। राज्यमंत्री मंगलवार शाम इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, टर्मिनल-3, नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने निजी वाहन का उपयोग न करते हुए सीधे टर्मिनल-3 मेट्रो स्टेशन का रुख किया। मेट्रो से वह सराय काले खां रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने नमो भारत ट्रेन द्वारा मेरठ के लिए प्रस्थान किया। रात में वे मोदीपुरम स्टेशन, मेरठ पहुंचे।
ये भी देखें...
UP: मेरठ के ऐतिहासिक नौचंदी मेले का बुधवार से आगाज, दूधिया रोशनी में नहाएगा मैदान, ये होंगे कार्यक्रम