मेरठ में सर्किट हाउस के पास गंगाजल की पाइपलाइन ठीक हो गई है, लेकिन सोमवार को भी भोले की झाल पर लगा गंगाजल ट्रीटमेंट प्लांट चालू नहीं हो पाया है। उम्मीद है कि आज दोपहर बाद शहर में गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। हालांकि अभी कम से कम दो-तीन दिन तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहेगी।
बता दें कि एक सप्ताह से सर्किट हाउस के पास गंगाजल की मुख्य पाइपलाइन टूटी हुई थी। सोमवार को इसे ठीक तो कर दिया गया, लेकिन पाइपलाइन में गंगाजल नहीं छोड़ा गया है। सड़क के बीच गड्ढा खोदे जाने के कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बन रही है। अभी दो-तीन दिन तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहेगी।
तीन दिन से बंद है प्लांट
भोले की झाल पर लगा गंगाजल ट्रीटमेंट प्लांट तीन दिन से बंद है। सोमवार को शहर में गंगाजल आपूर्ति किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन पाइपलाइन दोपहर तक ठीक हो पाई। पाइपलाइन पर लगाई गई निर्माण सामग्री न सूखने के कारण गंगाजल आपूर्ति नहीं की गई है।
मंगलवार को भी शहर में गंगाजल की बजाय नलकूप से ही जलापूर्ति होगी। इस संबंध में नगर निगम के सहायक अभियंता दुष्यंत कुमार का कहना है कि मंगलवार शाम या बुधवार सुबह तक शहर में गंगाजल की आपूर्ति की जाएगी।