फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: आज नहीं भारत बंद, शहर से देहात तक चप्पे-चप्पे पर पुलिसफोर्स तैनात

Tue, 10 Apr 2018 06:16 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
पुलिस-प्रशासन अलर्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मेरठ में आज सभी बाजार खुले हैं। स्कूल-कॉलेजों से लेकर बाजारों और औद्योगिक एरिया में कोई बंदी नहीं है। इंटरनेट सेवा भी चालू है। शहर से देहात तक चप्पे-चप्पे पर पुलिसफोर्स तैनात है। एडीजी जोन प्रशांत कुमार और एसएसपी मंजिल सैनी ने सोमवार को जारी बयान में साफ किया था कि भारत बंद का कोई मैसेज नहीं मिला है। यह सब सोशल साइटों पर अफवाहें चल रही हैं। हालांकि कानून व्यवस्था की दृष्टि से अलर्ट रहेगा। एहतियात के तौर पर जिले में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की तो सख्त एक्शन लिया जाएगा।

विज्ञापन


बंद ही रहा चर्चा का विषय
दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान उपद्रव के बाद से सोशल साइटों पर 10 अप्रैल को एक और भारत बंद से संबंधित मैसेज वायरल होते गए। लेकिन किसी भी संगठन या संस्था ने आगे आकर बंद का समर्थन या आह्वान नहीं किया। आशंकाओं और अफवाहों का बाजार इस तरह गर्म हुआ कि पुलिस प्रशासन रोजाना फ्लैग मार्च और जनसंपर्क कर लोगों में शांति व सहयोग बनाए रखने की अपील कर रहा है। सोमवार को तो समाज के हर वर्ग में चर्चा का एकमात्र विषय यही रहा कि 10 अप्रैल को भारत बंद है या नहीं। सबसे ज्यादा बच्चों को यह जानने की उत्सुकता रही कि स्कूल खुलेंगे या नहीं। व्यापारी, कारोबारी और उद्यमी वर्ग अपने व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और पुलिस-प्रशासन के संपर्क में रहा। आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी या नहीं, इसका लेकर भी लोग एक-दूसरे से चर्चा करते रहे।

यह रहेंगे सुरक्षा इंतजाम
शहर को 5 जोन और 15 सेक्टरों में बांटा गया है। मंगलवार सुबह सात बजे से ही आरएएफ की तीन और पीएसी की पांच कंपनियां के अलावा पुलिस के 32 सौ जवानों की शहर के तीस मुख्य प्वाइंटों पर ड्यूटी लगाई गई है। तीस विशेष टीमें और पहली बार महिला पुलिस की 10 क्यूआरटी हाइवे और जिले भर में गश्त पर रहेंगी। दमकल की 15 गाड़ियों समेत 88 फायर कर्मी भी शहर के 11 मुख्य प्वाइंटों पर तैनात रहेंगे। शहर में पुलिस की टीमें फोटो और वीडियोग्राफी भी करेंगे। पुलिस लाइन में दो कंपनी रिजर्व में रहेंगी।
विज्ञापन


ये बंटे जोन और सेक्टर
कोतवाली, ब्रह्मपुरी, कैंट, सिविल लाइन और कंकरखेड़ा जोन बनाए गए हैं। जिनके प्रमुख क्षेत्रों को सेक्टरों में बांटा गया है। प्रशासनिक मजिस्ट्रेट जोनल अधिकारी रहेंगे, जिनके साथ एडिशनल एसपी और सीओ रहेंगे। डीएम और एसएसपी सभी की मॉनीटरिंग करेंगे।

Trending Videos

इन स्थानों पर खास सुरक्षा

पुलिसफोर्स तैनात - फोटो : अमर उजाला
कचहरी स्थित आंबेडकर चौक, कंकरखेड़ा मुख्य मार्केट, शोभापुर गांव, एनएच-58 बाईपास पर शोभापुर पुलिस चौकी, परतापुर तिराहा, मलियाना, बेगमपुल, भूमिया का पुल, हापुड़ अड्डा चौराहा, घंटाघर, पीवीएस रोड स्थित कुटी चौराहा। देहात में अलग से सुरक्षा प्लान बनाया गया है।

खराब नहीं होने देंगे माहौल
भारत बंद का कोई मैसेज नहीं मिला है। सोशल मीडिया पर भारत बंद की अफवाह फैली है। कानून व्यवस्था को देखते हुए मेरठ, हापुड़ व मुजफ्फरनगर समेत जोन के सभी जिलों में सुरक्षा इंतजाम रहेंगे। -प्रशांत कुमार, एडीजी जोन

हालात सामान्य, कोई बंद नहीं
शहर के हालात सामान्य हैं। आज मंगलवार को कोई बंद नहीं है। यह सिर्फ सोशल मीडिया पर अफवाह फैलायी जा रही है। इसलिए सभी स्कूल-कालेज रूटीन की तरह खुलेंगे। इंटरनेट सेवा भी आम दिनों की तरह सुचारु रहेगी। हमने व्यापारियों को पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया है। भ्रामक प्रचार और अफवाह फैलाने वालों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा। -अनिल ढींगरा, डीएम

गड़बड़ की तो सख्ती से निपटेंगे: एसएसपी 
भारत बंद नहीं है। किसी संगठन का मैसेज भी नहीं आया। इसके बावजूद जबरन बाजार बंद कराया या माहौल खराब करने का प्रयास किया गया तो सीधा जेल भेजा जाएगा। रासुका की कार्रवाई होगी। पुलिस हर स्थिति से निपटने को तैयार है। -मंजिल सैनी, एसएसपी

निडर होकर करें काम
लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। बेफिक्र होकर अपने बच्चों को स्कूल भेजें। व्यापारी निडरता से अपने प्रतिष्ठान खोलें। लोग अपने काम पर जाएं। यदि कोई जोर जबर्दस्ती करता है तो पुलिस को सूचित करें। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। -मान सिंह चौहान, एसपी सिटी

तय समय पर लगेंगी कक्षाएं
शहर के सभी पब्लिक स्कूल आज तय समय पर खुलेंगे और कक्षाएं लगेंगी। मेरठ सहोदय का बंद को कोई समर्थन नहीं है। केंद्रीय विद्यालयों में भी कक्षाएं लगेंगी। -राहुल केसरवानी, सचिव मेरठ सहोदय
विज्ञापन

सभी बाजार खुलेंगे

पुलिस प्रशासन - फोटो : अमर उजाला
भारत बंद के लिए हमसे किसी ने संपर्क नहीं किया है। सिर्फ सोशल मीडिया पर ही अफवाह फैली है। ऐसे में शहर के सभी बाजार खुलेंगे। पुलिस-प्रशासन ने भी हमें सुरक्षा का आश्वासन दिया है। -नवीन गुप्ता, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ 

बंद को कोई सहयोग नहीं
आबूलेन बाजार को खोलने के लिए हमने सर्कुलर जारी कर दिया है। आज के बंद को कोई सहयोग नहीं है। सभी व्यापारी अपनी दुकान खोलेंगे। -सरदार नरेंद्र सिंह, अध्यक्ष आबूलेन व्यापार संघ

सभी व्यापारी दुकानें खोलेंगे
सदर बाजार पूरी तरह खुलेगा। किसी भी तरह के बंद को हमारा कोई समर्थन नहीं है। सभी व्यापारी रोजाना की तरह अपने प्रतिष्ठान खोलेंगे। -सुनील दुआ, अध्यक्ष सदर बाजार व्यापार मंडल

सीसीएसयू, कॉलेज खुलेंगे
विश्वविद्यालय और सभी कॉलेज आज खुले रहेंगे। कहीं कोई बंद नहीं है। -डॉ. प्रशांत कुमार प्रेस प्रवक्ता सीसीएसयू

उद्योग धंधे चालू रहेंगे
आईआईए ने बंद को समर्थन नहीं दिया है। ऐसे तमाम मजदूर हैं जो प्रतिदिन की आय पर गुजारा करते हैं, इसलिए औद्योगिक क्षेत्र में कार्य जारी रहेगा। पंकज गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष आईआईए

किसी को बंद करने को नहीं कहा
आईएमए की तरफ से किसी को भी बंद करने के लिए नहीं कहा गया है। अगर कोई स्वेच्छा से क्लीनिक या अस्पताल बंद रखना चाहता है तो वह उसकी मर्जी है। -डॉ. मेधावी तोमर, आईएमए अध्यक्ष

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें