दिल्ली-देहरादून हाईवे पर देर रात सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। सहारनपुर के रणखंडी गांव से सरधना क्षेत्र के खेड़ा गांव में शुक्रवार को बारात आई थी। देर रात बाराती बोलेरो से वापस रणखंडी लौट रहे थे।
रात करीब एक बजे जब वे खतौली बाईपास पर पहुंचे तो बोलेरो हाईवे पर खड़े ट्राले में जा घुसी। हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सात घायलों को मोदीपुरम स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन अन्य घायलों को उपचार के लिए खतौली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया।