सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने और पर्याप्त बिजली मुहैया कराने के लिए सोलर पंप योजना संचालित की है। इस योजना के तहत किसानों को 2 हॉर्स पावर क्षमता से लेकर 10 हॉर्स पावर तक की क्षमता वाले नौ प्रकार के सोलर पंप मिलेंगे। किसानों को सोलर पंप की बाजार कीमत पर 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।
दो एचपी से 10 एचपी के सोलर पंप योजना में शामिल
2 एचपी का तालाब या कुएं की मुंडेर पर रखकर पानी फेंकने वाला सोलर पंप, जिसकी बाजार में कीमत 1,71,716 रुपये है। इस पर किसान को अनुदान के रूप में 63,686 रुपये मिलेंगे। 2 एचपी एसी और डीसी सबमर्सिबल पंप की बाजार कीमत 1,74,073 रुपये है। इस पर 64,816 रुपये सब्सिडी मिलेगी। बाजार में तीन एचपी एसी एवं डीसी सबमर्सिबल पंप की कीमत 2.32 लाख रुपये है।
इस पर 88 हजार रुपये अनुदान मिलेगा। इसी प्रकार पांच एचपी एसी पंप जिसकी कीमत लगभग सवा तीन लाख रुपये है। जिस पर सवा लाख रुपये सब्सिडी मिलेगी। 7.5 एचपी एसी पंप की बाजार में कीमत 4.44 लाख रुपये है तो उस पर 1.72 लाख रुपये सब्सिडी मिलेगी। 10 एचपी एसी पंप की कीमत बाजार में साढ़े पांच लाख रुपये है तो उस पर 2.86 लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी।
जनवरी में हुए थे आवेदन
सरकार की योजना के मुताबिक जनवरी में जिले के किसानों ने कृषि विभाग के पोर्टल
www.agriculture.up.gov.in पर आवेदन किए थे। मेरठ से इस योजना में आवेदन करने वालों की संख्या काफी अधिक है। जिनका शासन स्तर से चयन किया जाना है। किसानों के लिए यह लाभकारी योजना है। कृषि विभाग के कर्मचारी किसानों के बीच पहुंचकर इसका प्रचार प्रसार कर रहे हैं।
- निलेश चौरसिया, उप निदेशक कृषि मेरठ मंडल