मुजफ्फरनगर में मंदवाड़ा गांव के जंगल में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दस हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश मौहब्बत पैर में गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी हाथ में गोली लगने से घायल हुआ है। पुलिस ने पकडे़ गए बदमाश के कब्जे से दो तमंचे व दस कारतूस बरामद किए। पकडे़ गए घायल बदमाश के खिलाफ विभिन्न थानों में 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, बदमाश के घर दबिश के लिए गई पुलिस पर बदमाश की पत्नी ने पथराव किया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।
बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव मंदवाड़ा निवासी मौहब्बत (40) पुत्र लोटा बुढ़ाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। बदमाश पर दस हजार रुपये का इनाम घोषित है। वह कई मामलों में फरार चल रहा था। सोमवार को बदमाश मौहब्बत अपने घर पर आया हुआ था। वांछित हिस्ट्रीशीटर की सूचना पर इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा और एसएसआई जयभगवान यादव पुलिसबल के साथ मंदवाड़ा गांव पहुंचे। पुलिस ने बदमाश के मकान को घेर लिया। पुलिस आने की सूचना मिलते ही बदमाश की पत्नी मीना ने मकान की छत से पुलिस पर पथराव किया। इसी दौरान बदमाश भी पुलिस टीम पर फायर करता हुआ घर की दीवार फांदकर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने जवाबी फायर करते हुए बदमाश का पीछा किया। बदमाश और पुलिस के बीच फायरिंग में पैर में गोली लगने से बदमाश मौहब्बत घायल होकर गिर पड़ा। इस मुठभेड़ में बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में कांस्टेबल आदित्य भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीओ हरिराम यादव भी मौके पर पहुंचे।