वेस्ट यूपी प्रभारी शमसुद्दीन राईन ने बसपा बुधवार को सरधना सीट से संजीव धामा को प्रत्याशी घोषित किया। इस दौरान उन्होंने मंच से भाजपा और सपा पर जमकर निशाना साधा। वहीं जाट प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद से सरधना सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन गए हैं।
बसपा ने सरधना विधानसभा सीट से संजीव धामा को प्रत्याशी बनाया है। दौराला में एक फार्म हाउस में हुए सम्मेलन में पार्टी के पश्चिमी यूपी प्रभारी शमसुद्दीन राईन ने इसकी घोषणा की। राइन ने भाजपा और सपा पर निशाना साधते हुए प्रदेश में बसपा सरकार के दौरान हुए काम गिनाए। शमसुद्दीन राइन ने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर डौरली निवासी संजीव धामा को प्रत्याशी बनाया गया है।
विज्ञापन
अब ना टिकट कटेगा और ना ही प्रत्याशी बदलेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में बसपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के कार्यकाल में अधिकारी समय से कार्यालय पहुंचते थे। वर्तमान के अधिकारी को किसी का डर नहीं है। भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा और सपा लोगों को जाति धर्म में बांटने का काम कर रही हैं।
संजीव धामा ने बसपा सुप्रीमो का आभार जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी विकास में भरोसा रखती है, जाति धर्म में नहीं। सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मोहित जाटव ने और संचालन ब्रह्मजीत गौतम ने किया। राजकुमार गौतम, प्रदीप जाटव, संदीप पल्हैड़ा, धीरज बाधवा, शशि, जयदीप, मनोज जाटव, सतपाल पेपला, दिनेश, दारा सिंह, हाफिज इमरान याकूब, रामकुमार वर्मा, जगरूप सिंह, इरफान मलिक, जितेंद्र अलीपुर, राकेश, नदीम मलिक मौजूद रहे।
जाट प्रत्याशी आने से त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
बसपा से जाट प्रत्याशी आने के बार सरधना में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन गए हैं। इस सीट से 2007 में बसपा के टिकट पर चंद्रवीर विधायक रहे हैं। बीते दो चुनावों से यहां भाजपा के संगीत सोम जीत रहे हैं। बसपा ने 2012 में हाजी याकूब और 2017 उनके बेटे हाजी इमरान याकूब को प्रत्याशी बनाया था।