शामली में झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर में दिवाली पर शाम को ई-रिक्शा में तेज आवाज में म्यूजिक बजाने को लेकर झड़प हो गई। इसके बाद युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका मामा घायल हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
गांव जमालपुर में शनिवार को दिवाली पर रूपेंद्र पुत्र ब्रजपाल, निवासी गांव हरसाना थाना झिंझाना अपनी बहन राधा के यहां भाई दूज की कोथली लेकर आया था। शाम करीब छह बजे सुभाष का पुत्र हरिओम और उसका मामा रूपेंद्र अपने घर के सामने अपनी ई-रिक्शा खड़ी करके म्यूजिक सिस्टम (डेग) बजाकर डांस कर रहे थे। उसी दौरान उनके घर के निकट गांव का मोंटी पुत्र विनोद अपनी नलकूप पर दीप जलाने गया था। मोंटी ने हरिओम को डेग की आवाज कम करने को कहा। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी व गाली-गलौज हो गई।
इसके बाद मोंटी वहां से अपने घर चला गया। कुछ समय बाद मोंटी अपने भाई गौरव के साथ घर से चाकू लेकर वापस पहुंचा। आरोप है कि दोनों भाइयों ने हरिओम और उसके मामा रूपेंद्र पर पीछे से चाकू से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। शोर होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सीएचसी ऊन में भर्ती कराया गया, वहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हरिओम (18) की मौत हो गई। घायल रूपेंद्र को करनाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: यूपी: हादसों में एक ग्रामीण की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल, भाई दूज की खुशी के दिन मातम
उधर, घटना की सूचना मिलने पर झिंझाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी नित्यानंद राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और झिंझाना थाना प्रभारी को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसपी नित्यानंद राय ने बताया कि मृतक के दूसरे मामा राजेंद्र की तहरीर पर हत्यारोपी मोंटी और गौरव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हो गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/