डिफेंस कॉलोनी में आशुतोष भल्ला की कोठी।
- फोटो : अमर उजाला
गंगानगर थानाक्षेत्र स्थित डिफेंस कॉलोनी में भल्ला स्पोर्ट्स के मालिक के घर में नौकरानी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। कारोबारी की बुजुर्ग मां को नशीला पदार्थ देकर तिजोरी से लाखों रुपये के जेवर और नगदी चोरी कर ले गई। सूचना मिलने पर एसपी देहात ने पूछताछ की। पुलिस कॉलोनी में लगे कैमरे की फुटेज देख रही है। चोरी की गई रकम और गहनों की कीमत फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है। लेकिन माना जा रहा है कि बड़ी चोरी है।
डिफेंस कॉलोनी स्थित ए-12 में भल्ला स्पोर्ट्स के मालिक आशुतोष भल्ला का परिवार रहता है। सोमवार को घर में 70 वर्षीय मां रेखा भल्ला अकेली थीं। घर पर उनके साथ नौकरानी रोशनी थी। आरोप है कि दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच नौकरानी ने रेखा को खाने में नशीला पदार्थ खिला दिया। इससे वह बेहोश हो गईं।
इस दौरान रोशनी कमरे के अंदर तिजोरी में रखी बेशकीमती ज्वेलरी, नकदी और जरूरी सामान समेट कर फरार हो गई। शाम को आशुतोष घर लौटे तो दरवाजा खुला था। मां रेखा अचेत हालत में थीं। उनसे पूछने पर पूरी घटना की जानकारी हुई।
देर शाम गंगानगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर इंस्पेक्टर विनय कुमार पहुंचे और मामले की जानकारी ली। कारोबारी के घर बड़ी चोरी की वारदात की सूचना पर एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ सदर देहात सुधीर सिंह मौके पर पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज देख रही पुलिस
घटना के बाद से पुलिस घर, गली, कॉलोनी के गेट पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने कॉलोनी के नाले वाले और मीनाक्षीपुरम की ओर खुलने वाले रास्तों की फुटेज खंगाल रही है।
पश्चिम बंगाल की रहने वाली है नौकरानी
पीड़ित परिजनों ने बताया कि उनके यहां करीब एक साल से पश्चिम बंगाल निवासी रोशनी काम कर रही है। वह यहीं, कोठी के अंदर ही रह रही थी। जानकारी के अनुसार, वह कहीं आती जाती नहीं थी। वह बीच में दो बार अपने परिजनों से मिलने दिल्ली गई थी। पुलिस इस बिंदु पर भी काम कर रही है।
घटना में और लोग तो शामिल नहीं
डिफेंस कॉलोनी में हुई इस घटना से पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना को अंजाम केवल नौकरानी ने दिया है या फिर और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जो कॉलोनी के आसपास मौजूद रहे हों और घटना के बाद फरार हो गए हों।
ये भी देखें...
यूपी: भाजपा सरकार के मंत्री बोले- सपा ने बागपत को बना दिया था क्राइम कैपिटल, योगी सरकार में हुआ अपराध मुक्त