बागपत में मेधावियों को मिला सम्मान और प्रोत्साहन
बागपत कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ. अजय कुमार, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिलाधिकारी अस्मिता लाल, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार और जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अजय कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर आगे बढ़ने और शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।