मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षाएं मंगलवार को सुबह एवं शाम दोनों पालियों में हुईं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई इन परीक्षाओं में शाम की पाली में इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा में अपेक्षाकृत अधिक अनुपस्थिति दर्ज की गई।
शाम की पाली के लिए कुल 5,471 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 200 छात्र अनुपस्थित रहे। सुबह की पाली में हाईस्कूल स्तर पर एनसीसी, शस्य विज्ञान व्यावसायिक, कृषि वनस्पति विज्ञान (द्वितीय प्रश्न पत्र, कृषि भाग-1) और कृषि अर्थशास्त्र की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इस पाली में कुल 688 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से केवल 12 अनुपस्थित पाए गए। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के उप प्रधानाचार्य प्रशांत चौधरी ने सुबह एवं शाम दोनों पालियों में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर व्यवस्था, उपस्थिति एवं सुरक्षा मानकों की जांच की। वहीं शाम की पाली में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने भी कई केंद्रों का आकस्मिक दौरा किया।