- डीआईओएस ने जारी किए निर्देश, फर्जी प्रमाणपत्रों पर आवेदन भेजने वालों पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों के पंजीकरण एवं अग्रसारण के लिए 16 विद्यालयों को अधिकृत केंद्र बनाया है। इन केंद्रों के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन स्वीकार कर परिषद को भेजे जाएंगे।
डीआईओएस जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि विभिन्न तहसीलों एवं क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए केंद्रों का चयन किया गया है ताकि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में सुविधा मिल सके। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज हस्तिनापुर, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हस्तिनापुर, कृषक इंटर कॉलेज मवाना, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षितगढ़, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज किठौर, सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज सरधना, सेंट जोजफ कन्या इंटर कॉलेज सरधना, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज बेगमपुल, देववती देवी वीरेंद्र कुमार राजकीय कन्या इंटर कॉलेज माधवपुरम, राजकीय इंटर कॉलेज महादेव, कपसाड़, बहरामपुर जानी, पूठखास, कायस्थ बड़ढा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हापुड़ रोड और पंडित दीनदयाल मॉडल राजकीय इंटर कॉलेज खरखौदा शामिल हैं।
निर्धारित केंद्र हाईस्कूल के लगभग 500 और इंटरमीडिएट के 700 से 800 तक व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन पत्र अग्रसारित कर सकेंगे। कुछ विद्यालयों को केवल पत्राचार केंद्र के रूप में भी नामित किया गया है। डीआईओएस ने सभी केंद्रों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि केवल पात्र अभ्यर्थियों के आवेदन ही नियमानुसार अग्रसारित किए जाएं। चेतावनी दी गई है कि यदि किसी अपात्र अभ्यर्थी या फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर आवेदन भेजा गया तो संबंधित प्रधानाचार्य के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।