जनसभा में बोलते चौधरी जयंत सिंह।
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह सोमवार को रोहटा गांव पहुंचे। उन्होंने सिवालखास से गठबंधन प्रत्याशी हाजी गुलाम मोहम्मद के पक्ष में सभा को संबोधित किया। चौधरी जयंत सिंह ने कहा बाबाजी की सरकार शुरू से ही किसान विरोधी रही है। चौधरी चरण सिंह कहते थे कि पूंजीपतियों से ही सारे काम करवा लिए जाएंगे तो किसानों का क्या होगा। चौधरी साहब हमेशा से ही किसानों के हित में खड़े रहे। मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबाजी की नजर में सभी गुंडे और माफिया हैं। उनकी नजर में एक गुंडा मैं भी हूं।
मुख्यमंत्री योगी पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि गांव में बाबा, दादाजी को कहा जाता है। योगी बाबा को क्या पता के बाबा किसे कहते हैं। उनका उग्र स्वभाव है, तो बताइए वो बाबा कैसे हुए। वह कहते हैं 10 फरवरी के बाद गर्मी शांत हो जाएगी। अब बाबा जी को कौन समझाए कि हमारे तो खून में ही गर्मी है।
यह भी पढ़ें: Lata Mangeshkar Passed Away: 'स्वर साम्राज्ञी' के लिए मेरठ के गौरव ने सजा लिया संग्रहालय, हर कोना बयां करता है अलग कहानी
उन्होंने कहा कि अब टेस्ट मैच खेलने का समय गया, अब 20-20 का समय है। भाजपा का विकेट गिराना है। उन्होंने जनता से लखनऊ में लठ गाड़ने के लिए जोश भरा। प्रधानमंत्री के बिजनौर कार्यक्रम रद्द होने पर जयंत सिंह ने कहा कि अच्छी धूप खिलने के बाद भी भाजपा का मौसम खराब है। इस दौरान सुनील रोहटा, वसीम राजा, मतलूब गौड़, राजपाल सिंह, फारूख हसन, नदीम चौहान, रणवीर दहिया, विनोद हरित आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: Exclusive Interview: केशव प्रसाद मौर्य बोले- चुनाव बाद पार्टी नेतृत्व तय करेगा मेरी भूमिका, इन बड़े सवालों के दिए जवाब