भाजपा पार्षद को चिट्ठी भेजकर मांगी रंगदारी
यूपी के मेरठ शहर में फिर से रंगदारी मांगने का एक मामला सामने आया है। मुरादाबाद जेल में बंद कुख्यात सतीश गिरी के नाम से भाजपा पार्षद के घर पत्र भेजकर 50 लाख की रंगदारी मांगी गई है। सतीश गिरी पूर्व में भी पार्षद पर जानलेवा हमला कर चुका है। पीड़ित ने एसपी क्राइम से मामले की शिकायत है।
ब्रहमपुरी थाना क्षेत्र की ब्रह्मपुरी कॉलोनी निवासी बीजेपी पार्षद एंव भट्ठा कारोबारी राजीव गुप्ता उर्फ काले को एक पत्र भेजकर 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई है। बताया गया कि चिट्ठी भेजने वाला बदमाश मुरादाबाद जेल में बंद है। उसी के नाम से चिट्ठी भेजी गई है। उधर, भाजपा पार्षद राजीव गुप्ता का परिवार दहशत में आ गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 15 नवम्बर 2016 को भट्ठे से लौटते हुए राजीव गुप्ता को गोली मार दी गई थी। इस मामले में उनके भाई पंकज कुमार मंगल ने ब्रहमपुरी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में जांच की तो सामने आया कुख्यात बदमाश सतीश गिरी ने हमला कराया है। इसके बाद पुलिस ने सतीश गिरी को जेल भेज दिया था। कुख्यात सतीश गिरी भावनपुर के स्याल गांव का रहने वाला है। वर्तमान में मुरादाबाद जिला जेल में बंद है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/