प्रयागराज में 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के धावक फुल मैराथन (42.195 किलोमीटर) और हाफ मैराथन (21.097 किलोमीटर) में हिस्सा लेंगे। इसमें देशभर के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के धावकों के प्रतिभाग करने की उम्मीद है। प्रतियोगिता में विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी 17 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
फुल मैराथन के विजेता को दो लाख रुपये
फुल मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। दूसरे स्थान पर रहने वाले को एक लाख रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 75-75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी। इसके अलावा अगले 11 स्थानों पर रहने वाले धावकों को 10-10 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।
हाफ मैराथन में 51 हजार रुपये का पहला पुरस्कार
हाफ मैराथन में भी पुरुष और महिला वर्ग के लिए अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को 51 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 21 हजार रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा अगले तीन स्थानों पर रहने वाले प्रतिभागियों को 5100-5100 रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
17 नवंबर तक करा सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण
मैराथन में हिस्सा लेने के इच्छुक खिलाड़ी 17 नवंबर तक www.indiamarathon.co.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद ही प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति मिलेगी। आयोजकों ने खिलाड़ियों को मौसम को देखते हुए गर्म कपड़े और कंबल साथ लाने की सलाह दी है।
प्रतिभागियों को बैंक का नाम, खाता संख्या, आईएफएससी कोड, बैंक पासबुक और आधार कार्ड की छायाप्रति भी साथ लानी होगी। पुरस्कार राशि के भुगतान के लिए इन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।