मेरठ महानगर में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को कोरोना के अब तक के सबसे ज्यादा 149 नए मरीज मिले हैं, जबकि कोरोना संक्रमित 37 साल के बिट्टू निवासी गांव नागौरी मेरठ की मौत हो गई।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि नए मरीजों में शास्त्रीनगर के दो डॉक्टर, मेडिकल थाना और बेगमबाग के दो पुलिसकर्मी, मेडिकल कॉलेज और सुभारती मेडिकल की दो हेल्थकेयर वर्कर समेत 5 हेल्थकेयर वर्कर, मेडिकल कॉलेज पीजी गर्ल्स हॉस्टल की मेड, जिला पंचायत कर्मी, शिक्षक, सात बंदी, एमडीए कर्मी, घरेलू महिलाएं, कारोबारी और छात्र आदि शामिल हैं।
मंगलवार को 2841 सैंपलों की जांच हुई। सैंपल के हिसाब से 5.25 प्रतिशत मरीजों को पुष्टि हुई है। इनमें कई परिवारों के सभी लोग पॉजिटिव आए हैं। इनमें 6 माह के बच्चे से लेकर 78 साल तक के मरीज शामिल हैं। नए मरीजों में 62 महिलाएं हैं और 67 नए केस हैं।
ये मरीज ब्रह्मपुरी, रक्षापुरम, कसेरू बक्सर, मवाना, गंगानगर, लावड़, शास्त्रीनगर, कंकरखेड़ा, बेगमबाग, जागृति विहार, लालकुर्ती, सरधना रोड, इंचौली, कासमपुर, बंसीपुरा दौराला, पल्लवपुरम, डिफेंस एंकलेव, शील कुंज, अरविंद पुरी, सोमदत्त सिटी, मयूर विहार, भगवतपुरा और भोला रोड आदि के रहने वाले हैं।
सीएमओ ने बताया कि मरीजों की कुल संख्या अब 4196 हो गई है। 120 लोगों की मौत हो चुकी है। 826 मरीजों का इलाज चल रहा है। 164 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 3251 लोगों की छुट्टी हो चुकी है।